म्यूल अकाउंट से अवैध लेन-देन और हथियार रखने के मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार, ₹2.97 लाख कैश जब्त

त्वरित खबरें :- नेहा साहू रिपोर्टिंग

दुर्ग जिले के वैशाली नगर थाना पुलिस ने म्यूल अकाउंट के जरिए संदिग्ध वित्तीय लेन-देन और अवैध हथियार रखने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 97 हजार 650 रुपये नकद, बैंकिंग दस्तावेज, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 28 सितंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गौसिया मस्जिद, कैंप-01 भिलाई क्षेत्र में कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि आम लोगों के बैंक खातों को म्यूल अकाउंट के तौर पर इस्तेमाल कर संदिग्ध वित्तीय लेन-देन किए जा रहे थे। पुलिस ने बैंकिंग दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक सामग्री जब्त कर लेन-देन की जांच शुरू कर दी है।

इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस को बिना वैध लाइसेंस के रखे गए हथियार भी मिले। तलाशी में एक एयरगन, बड़ी और छोटी तलवारें, चापड़, खुखरी और अन्य धारदार हथियार समेत कुल 11 हथियार बरामद किए गए।

मामले में पुलिस ने सिम्मी उर्फ आलोक उर्फ आलू (26), झरनजीत कौर उर्फ पूजा (23), रंजीता कौर (45) और सिमरन कौर (27) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों में एक घोषित गुंडा-बदमाश भी शामिल है।

म्यूल अकाउंट से संबंधित मामले में अपराध क्रमांक 370/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 317(2), 317(4), 3(5) और हथियार बरामदगी के मामले में अपराध क्रमांक 369/2026, धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड की कार्रवाई की जा रही है। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपना बैंक खाता, एटीएम, पासबुक, मोबाइल नंबर या अन्य बैंकिंग साधन किसी दूसरे व्यक्ति को इस्तेमाल के लिए न दें।