दुर्ग: वैशाली नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, घोषित गुंडा समेत 4 गिरफ्तार, 11 हथियार और 3 लाख कैश बरामद
दुर्ग। वैशाली नगर थाना पुलिस ने कैंप-1 क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए घोषित गुंडा-बदमाश समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 11 घातक हथियार और करीब 3 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 28 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर टीम ने कैंप-1 में दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 1 एयरगन, बड़ी-छोटी तलवार, 2 लोहे की तलवार, 2 चापड़, 1 खुखरी और बटनदार धारदार हथियार समेत कुल 11 हथियार मिले। किसी भी हथियार का वैध लाइसेंस नहीं था।
नकद और बैंक दस्तावेज भी मिले
तलाशी में 2 लाख 97 हजार 650 रुपये कैश, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पुलिस को शक है कि आरोपी म्यूल बैंक खातों के जरिए संदिग्ध लेन-देन में भी शामिल थे।
गिरफ्तार आरोपी
1. सिम्मी उर्फ आलोक उर्फ आलू (26) - घोषित गुंडा-बदमाश
2. झरनजीत कौर उर्फ पूजा (23)
3. रंजीता कौर (45)
4. सिमरन कौर (27)
चारों आरोपी कैंप-1 के रहने वाले हैं।
पुलिस ने हथियारों के लिए आर्म्स एक्ट की धारा 25 और पैसों के लेन-देन के लिए BNS की धारा 317(2), 317(4), 3(5) के तहत दो अलग-अलग केस दर्ज किए हैं। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जा रहा है।