दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में ढांचा भवन स्थित दुर्गा पंडाल के पास विवाद के बाद पिकअप वाहन से युवक को कुचलने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना 25 सितंबर 2026 की रात की बताई जा रही है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल पिकअप वाहन भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, कैलाश नगर निवासी अंकित सिंह के जन्मदिन के मौके पर वह अपने साथियों के साथ ढांचा भवन स्थित दुर्गा पंडाल के पास था। इसी दौरान गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी अपने साथियों के साथ पिकअप वाहन से वहां पहुंचा। बातचीत को लेकर अंकित और गोपी के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान गाली-गलौज के बाद आरोपी ने पिकअप वाहन को तेज और खतरनाक तरीके से चलाते हुए अंकित को टक्कर मार दी और वाहन उसके ऊपर चढ़ा दिया।
हादसे में अंकित सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके साथियों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी वाहन समेत मौके से फरार हो गए।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर जामुल पुलिस ने अपराध क्रमांक 715/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश करते हुए घेराबंदी की और मामले में चार आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी (23), गुरप्रीत सिंह उर्फ गगन (24), मिलिंद साहू (21) और शुभम शर्मा (21) शामिल हैं।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक CG 07 DC 6706 भी जब्त किया है। चारों आरोपियों को 27 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में BNS की संबंधित धाराओं और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विवाद की स्थिति में कानून हाथ में न लें और किसी भी हिंसक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें।