भिलाई। सुपेला पुलिस ने ऑपरेशन विश्वास के तहत अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के प्रयास के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 180 एमएल की शीशियों में भरी देशी मदिरा, बिक्री की रकम 350 रुपये और एक्टीवा वाहन क्रमांक CG 07 CU 4118 जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक, 25 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि राधिका नगर मैदान, स्लाटर के पास दो व्यक्ति दोपहिया वाहन से अवैध शराब लेकर बिक्री के लिए पहुंचे हैं। सूचना पर सुपेला पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को वाहन सहित पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान चंदन चौहान (21) निवासी चिंगरी पारा और रजत यादव (19) निवासी अजय मुर्गी फार्म, भिलाई के रूप में हुई। तलाशी के दौरान वाहन से देशी मदिरा से भरी 180 एमएल की शीशियां और 350 रुपये नकद बरामद हुए।
पुलिस ने शराब, नकदी और वाहन को नियमानुसार जब्त करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1417/2026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी सुपेला एस.एन. सिंह, प्र.आर. अमर सिंह, प्रहलाद सिरर्मार और आरक्षक गौरव पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अवैध शराब के निर्माण, परिवहन या बिक्री की जानकारी पुलिस को देने की अपील की है।