जांजगीर-चांपा में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने प्लांट कर्मचारियों की कार को मारी टक्कर, बाल-बाल बची जान...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

 जांजगीर-चांपा में भीषण सड़क हादसा, ट्रैक्टर ने कार को मारी टक्कर, बाल-बाल बचे प्लांट कर्मचारी

 जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा-शिवरीनारायण मुख्य मार्ग पर गुरुवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। रेत से लदे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने सवारी कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए, वहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली भी सड़क पर पलट गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, कार में सवार पावर प्लांट के कर्मचारी बाल-बाल बच गए।

 कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार, चार पहिया वाहन में पावर प्लांट के कर्मचारी सवार होकर अकलतरा-शिवरीनारायण मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही रेत से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित हो गई और उसने कार को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं ट्रॉली भी पलट गई और उसमें भरी रेत सड़क पर फैल गई।

 सड़क पर लगा लंबा जाम

हादसे के बाद सड़क पर रेत बिखरने और दोनों वाहन क्षतिग्रस्त होकर बीच सड़क पर पड़े होने से मार्ग बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल कर्मचारियों को बाहर निकाला।

 पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना अकलतरा थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस के मुताबिक ट्रैक्टर चालक तेज रफ्तार में था, जिसके कारण हादसा हुआ। घायल कर्मचारियों का प्राथमिक उपचार कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।