दुर्ग पुलिस की बड़ी पहल: 159 पार्क और मैदानों में पहुंचा साइबर जागृति अभियान, मॉर्निंग वॉकर्स को किया जागरूक

त्वरित खबरें :- नेहा साहू रिपोर्टिंग

दुर्ग साइबर अपराधों से बचाव और आम लोगों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए दुर्ग पुलिस का साइबर जागृति अभियान लगातार जारी है। 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चल रहे इस अभियान के तहत 24 सितंबर को जिले के 159 उद्यान, पार्क और मैदानों में पुलिस टीमों ने पहुंचकर नागरिकों को साइबर सुरक्षा की जानकारी दी।

अभियान के दौरान राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, प्रशिक्षु उप निरीक्षकों और विभिन्न पुलिस इकाइयों के अधिकारी-कर्मचारियों ने मॉर्निंग वॉक पर आने वाले लोगों समेत अलग-अलग सामाजिक एवं नागरिक समूहों से सीधे संवाद किया। पुलिस ने नागरिकों को ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीके बताए और संदिग्ध कॉल, मैसेज व लिंक से सावधान रहने की अपील की।

पुलिस टीमों ने OTP, PIN, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही सुरक्षित डिजिटल लेन-देन और साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के संबंध में भी जागरूक किया गया।

दुर्ग पुलिस ने अभियान को पुलिस कार्यालय और थानों तक सीमित रखने के बजाय सीधे आम नागरिकों के बीच पहुंचकर साइबर सुरक्षा का संदेश दिया। वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं और विभिन्न समूहों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए जागरूकता अभियान के लिए धन्यवाद दिया।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहें और अपने परिवार व परिचितों को भी जागरूक करें। किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि या साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।