PDS दुकान से निजी पिकअप में चावल लोडिंग, पुलिस ने वाहन थाने में खड़ा कराया; खाद्य विभाग की जांच शुरू

त्वरित खबरें :- नेहा साहू रिपोर्टिंग

PDS दुकान से निजी पिकअप में चावल लोडिंग, थाने पहुंचा वाहन; खाद्य विभाग ने शुरू की जांच

अभनपुर। गोबरा नवापारा के रेलवे क्रॉसिंग के पास संचालित उचित मूल्य दुकान से निजी पिकअप वाहन में चावल लोड किए जाने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। बुधवार सुबह करीब 8 बजे कुमकुम महिला सशक्तिकरण समूह द्वारा संचालित पीडीएस दुकान से चावल निजी वाहन में लोड किया जा रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर कांग्रेसी पार्षद और कुछ स्थानीय नेता मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची और चावल से लदे पिकअप वाहन को थाने लाकर खड़ा कराया। इसके बाद मामले की जानकारी खाद्य विभाग को दी गई। पीडीएस दुकान से निजी वाहन में चावल लोड किए जाने को लेकर अब कई सवाल उठ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि संबंधित पीडीएस दुकान नगर के वार्ड क्रमांक 20 और 21 के हितग्राहियों के लिए संचालित है। ऐसे में दुकान से चावल को निजी पिकअप में लोड कर कहां ले जाया जा रहा था और इसके लिए क्या अनुमति थी, यह जांच का विषय है। यदि यह नियमित वितरण या परिवहन की प्रक्रिया थी, तो उसके लिए निर्धारित नियमों और आवश्यक दस्तावेजों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

मामले की सूचना के बाद खाद्य विभाग की टीम ने जांच शुरू कर दी है। निरीक्षक श्रद्धा चौहान अपनी टीम के साथ थाने पहुंचीं और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए। सहायक खाद्य निरीक्षक विवेक शुक्ला समेत विभागीय टीम मामले से जुड़े दस्तावेजों और चावल की लोडिंग की प्रक्रिया की जानकारी जुटा रही है।

फूड इंस्पेक्टर श्रद्धा चौहान ने मामले में कहा कि वे इस संबंध में जानकारी देने के लिए सक्षम अधिकारी नहीं हैं और मामले की जांच जारी है।

अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि पिकअप में लोड किया जा रहा चावल किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था, उसे ले जाने की अनुमति थी या नहीं और पूरी प्रक्रिया पीडीएस के निर्धारित नियमों के अनुरूप थी या नहीं। खाद्य विभाग की जांच रिपोर्ट के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।