ACB अधिकारी बनकर घर में घुसा, गोली मारने की धमकी देकर 2.5 लाख की लूट, फरार आरोपी बैकुंठपुर से गिरफ्तार...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

 धमतरी। खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) का बड़ा अधिकारी बताकर घर में घुसने और गोली मारने की धमकी देकर लूटपाट करने के मामले में धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिविल लाइन रुद्री पुलिस ने मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है

 ACB अधिकारी बनकर घर में घुसे और दी गोली मारने की धमकी

प्रार्थी ने थाना सिविल लाइन रुद्री में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोग खुद को ACB का बड़ा अधिकारी बताते हुए उसके घर में घुस आए। आरोपियों ने गोली मारने की धमकी दी और घर में रखा लैपटॉप, वनप्लस पैड और 8 मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। लूटे गए सामान की कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मामले में धारा 335 और 309(4) बीएनएस भी जोड़ी गई।

 दो आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल

पुलिस ने इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। इनमें रामचंद देवांगन (40) निवासी जल विहार कॉलोनी रुद्री और नागेंद्र पटेल (34) निवासी पटना, जिला कोरिया शामिल हैं। दोनों को 29 नवंबर 2025 को गिरफ्तार किया गया था।

 बैकुंठपुर से पकड़ाया फरार आरोपी

मामले में फरार चल रहे आरोपी हितेश सिंह पिता गणेश बहादुर सिंह निवासी ग्राम सलका बड़कापारा, बैकुंठपुर, जिला कोरिया को पुलिस ने 22 सितंबर 2026 को बैकुंठपुर से गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

यह कार्रवाई एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।