दुर्ग पुलिस की सट्टे पर कार्रवाई: नेवई के बीआरपी चौक नर्सरी में सट्टा-पट्टी लिखते आरोपी गिरफ्तार

त्वरित खबरे :- नेहा साहू रिपोर्टिंग

दुर्ग अवैध सट्टा और जुआ गतिविधियों के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में नेवई पुलिस ने बीआरपी चौक नर्सरी क्षेत्र में सट्टा-पट्टी लिखते एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सट्टा दांव का लेखा-जोखा लिखी 5 नग सट्टा-पट्टी, नगदी रकम और एक नीले रंग का डाटपेन बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर 2026 को थाना नेवई पुलिस टीम स्टेशन मरोदा क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बीआरपी चौक नर्सरी, नेवई में एक व्यक्ति विभिन्न अंकों के सामने रुपये-पैसों का दांव लगाकर सट्टा-पट्टी लिख रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को सट्टा-पट्टी लिखते हुए पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम तामेश्वर साहू उर्फ तामेश (41 वर्ष), निवासी स्टेशन मरोदा संगम चौक, थाना नेवई, जिला दुर्ग बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 5 नग सफेद लाइनदार कागज पर विभिन्न अंकों में लिखे सट्टा दांव, नगदी रकम और एक नीले रंग का डाटपेन बरामद किया गया।

पुलिस द्वारा आरोपी से सट्टा-पट्टी लिखने के संबंध में वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद थाना नेवई में अपराध क्रमांक 629/2026, धारा 6 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को 22 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय दुर्ग भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी सार्वजनिक स्थान पर अलग-अलग अंकों के सामने रुपये-पैसों का दांव लिखकर सट्टा-पट्टी तैयार कर रहा था। कार्रवाई में थाना नेवई के निरीक्षक अनिल कुमार साहू, प्रधान आरक्षक नंदलाल सिंह, आरक्षक रवि बिसाई और आरक्षक शाहबाज खान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सट्टा, जुआ या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या पुलिस को दें। पुलिस ने कहा है कि अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।