कोरबा में ‘दीक्षारम्भ समारोह-2026’: नवप्रवेशित छात्राओं का हुआ स्वागत, NEP-2020 के संदेश से गूंजा महाविद्यालय

त्वरित खबरें: अरुण रिपोर्टिंग

कोरबा। श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय, दरी रोड में नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ एवं नवप्रवेशित छात्राओं के स्वागत के लिए ‘दीक्षारम्भ समारोह-2026’ का आयोजन 22 सितंबर 2026 को उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं अग्रसेन महाराज के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया।


समारोह के मुख्य अतिथि  जुड़ावन सिंह, मध्य क्षेत्र उपाध्यक्ष, विद्या भारती ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों, भारतीय संस्कृति, मूल्यों और समृद्ध ज्ञान परंपरा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्कार, चरित्र और जिम्मेदार नागरिकता का विकास भी है। उन्होंने छात्राओं को भारतीय परंपराओं और संस्कृति से जुड़कर आधुनिक शिक्षा के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।


दीपक सोनी, प्रांत प्रमुख, विद्या भारती ने नई शिक्षा नीति के तहत आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, नई तकनीकों और बदलते शैक्षणिक परिवेश की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने छात्राओं को तकनीकी ज्ञान के साथ विषयगत दक्षता एवं व्यवहारिक कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया।


 छेदी अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष, महाविद्यालय शिक्षण समिति ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने की आवश्यकता बताई। वहीं  बजरंग अग्रवाल, अध्यक्ष, अग्रवाल सभा, कोरबा ने नवप्रवेशित छात्राओं का अभिनंदन करते हुए शिक्षा के महत्व और राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 से शिक्षा के क्षेत्र में आए बदलावों पर अपने विचार रखे।


प्राचार्य ने छात्राओं को दी शैक्षणिक मार्गदर्शन की जानकारी


महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार झा ने स्वागत उद्बोधन में नवप्रवेशित छात्राओं और अतिथियों का अभिनंदन किया। उन्होंने महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, उपलब्ध सुविधाओं और संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत पाठ्यक्रम में किए गए बदलावों तथा विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।


समारोह में श्री अग्रसेन शिक्षण समिति महाविद्यालय के अध्यक्ष  गोपाल अग्रवाल, सचिव  दीपक कुमार, उपाध्यक्ष  आभा अग्रवाल एवं सदस्य  भागवत अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी मंचस्थ रहे। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा, अनुशासन और निरंतर परिश्रम के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।


NEP-2020 एम्बेसडर और प्रतिभावान छात्राओं का सम्मान


राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की कोऑर्डिनेटर सुश्री अंजना चौधरी ने नीति के प्रमुख बिंदुओं की जानकारी देते हुए संक्षिप्त प्रस्तुतीकरण दिया। वहीं कैप्टेन मुकेश अधलखा, जिला प्रभारी-भारतीय ज्ञान परीक्षा ने भारतीय संस्कृति और भारतीय ज्ञान परंपरा के बारे में जानकारी दी।


समारोह में नवप्रवेशित छात्राओं में से चयनित राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 एम्बेसडर को बैज लगाकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की सब-कोऑर्डिनेटर  रुचिका कल्ला ने किया, जबकि आभार सचिव ने व्यक्त किया। आयोजन में डॉ. अन्नू सिंह एवं सहायक प्राध्यापक  किरण बाजपेई का विशेष योगदान रहा। समारोह में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकगण और विभिन्न सेमेस्टर की छात्राएं उत्साहपूर्वक उपस्थित रहीं।