गणेश विसर्जन से पहले रायपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, चाकू और 18 लीटर अवैध शराब के साथ 7 आरोपी गिरफ्तार...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

 रायपुर। गणेश विसर्जन और आगामी त्योहारी आयोजनों को देखते हुए रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मध्य जोन के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चलाए गए 24 घंटे के विशेष अभियान में पुलिस ने चाकू और अवैध शराब के साथ 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 4 धारदार चाकू और 18.340 लीटर अवैध शराब बरामद की है। इसके साथ ही 12 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।

 मौदहापारा में चाकू दिखाकर धमका रहा था युवक

मौदहापारा थाना क्षेत्र में आंबेडकर अस्पताल के एंबुलेंस स्टैंड के सामने एक युवक लोगों को चाकू दिखाकर धमका रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी लोकेश बंजारे उम्र 19 साल को चाकू के साथ गिरफ्तार किया।

 कोतवाली क्षेत्र में शराब और चाकू के साथ 3 पकड़े

कोतवाली पुलिस ने बैरन बाजार में अवैध शराब बेचते हुए विनोद निहाल उम्र 19 साल को पकड़ा। उसके पास से 5,760 रुपये की शराब जब्त की गई। वहीं मैना चौक के पास चाकू लेकर घूम रहे गौरव क्रोजे उम्र 20 साल और एक 16 साल के नाबालिग को भी पुलिस ने पकड़ा है।

 गोलबाजार में भी कार्रवाई

गोलबाजार थाना पुलिस ने मटन मार्केट के सामने अवैध शराब बेच रहे अरूप घोष उम्र 29 साल और विकास मार्टिन उम्र 44 साल को गिरफ्तार किया। इसके अलावा पेटी लाइन में सार्वजनिक जगह पर शराब पी रहे अविनाश दुबे उम्र 49 साल पर भी कार्रवाई की गई।

 त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गणेश विसर्जन और आगामी आयोजनों को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। थाना क्षेत्रों में संदिग्ध लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अवैध शराब बिक्री, सार्वजनिक जगह पर शराबखोरी और धारदार हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।