कांकेर। जिले में केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न कल्याणकारी और विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक 30 सितंबर, बुधवार को दोपहर 12 बजे सांसद (लोकसभा क्षेत्र कांकेर) एवं दिशा समिति के अध्यक्ष की अध्यक्षता में होगी।
बैठक को लेकर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी ने जिले के सभी कार्यालय प्रमुखों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बैठक में जिले में संचालित केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन की स्थिति और संबंधित विभागों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों की समीक्षा की जाएगी।
24 सितंबर तक जमा करनी होगी जानकारी
सभी संबंधित विभागों को अपने विभाग से जुड़ी समस्त योजनाओं की अद्यतन जानकारी 24 सितंबर तक अनिवार्य रूप से जिला पंचायत कार्यालय में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को योजनाओं से संबंधित आंकड़े और प्रगति रिपोर्ट समय-सीमा के भीतर उपलब्ध कराने को कहा गया है।
35 प्रतियों में देनी होगी हार्ड कॉपी
बैठक के लिए योजनाओं से संबंधित जानकारी ए-4 साइज के आड़े फॉर्मेट में 35 प्रतियों में प्रस्तुत करनी होगी। इसके अलावा बैठक में प्रस्तुतीकरण के लिए संबंधित विभागों को पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन की सॉफ्ट कॉपी भी जिला पंचायत कार्यालय को उपलब्ध करानी होगी।
37 विभागों की 101 योजनाओं की होगी समीक्षा
दिशा समिति की बैठक में जिले में संचालित 37 विभिन्न विभागों की कुल 101 प्रमुख शासकीय योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की जाएगी। योजनाओं के क्रियान्वयन, उपलब्धियों और प्रगति से जुड़े आंकड़ों के आधार पर विभागवार समीक्षा की जाएगी।
समय-सीमा में रिपोर्ट देने के निर्देश
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागाध्यक्षों से कहा है कि निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन करते हुए सभी आवश्यक आंकड़े और रिपोर्ट जिला पंचायत कार्यालय में समय पर प्रस्तुत करें। प्रशासन का उद्देश्य योजनाओं की प्रगति की व्यवस्थित समीक्षा कर जिले में विकास कार्यों के बेहतर क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना है।