अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस पर 21 सितंबर को भिलाई में महिला महासम्मेलन, आंतरिक शांति और नारी सशक्तिकरण पर होगा मंथन

त्वरित खबरें :- नेहा साहू रिपोर्टिंग

भिलाई, 18 सितंबर 2026। अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा 21 सितंबर, सोमवार को महिला महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 3 बजे से सेक्टर-7 स्थित पीस ऑडिटोरियम में होगा। महासम्मेलन का मुख्य विषय “आंतरिक शांति से सशक्त नारी–विश्व शांति की शिल्पकार” रखा गया है।

सेवाकेंद्र से मिली जानकारी के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में आंतरिक शक्ति, आत्मविश्वास, आध्यात्मिक चेतना और सकारात्मक सोच को जागृत करना है, ताकि वे परिवार, समाज और विश्व में शांति एवं सकारात्मक बदलाव की दिशा में अपनी भूमिका निभा सकें।

महासम्मेलन में राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी चक्रधारी दीदीजी, महिला प्रभाग की राष्ट्रीय अध्यक्षा, मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगी। वे रूस में ब्रह्माकुमारीज की डायरेक्टर होने के साथ-साथ CIS, बाल्टिक स्टेट्स एवं मंगोलिया में संस्था की सेवाओं की रीजनल को-ऑर्डिनेटर भी हैं। रूस और पड़ोसी देशों में संस्था की सेवाओं के विस्तार में उनके योगदान का उल्लेख किया गया है। वे आंतरिक परिवर्तन और जीवन मूल्यों से जुड़े विषयों पर प्रेरणादायी वक्ता एवं मार्गदर्शिका के रूप में सेवाएं दे रही हैं। उन्हें इंटरनेशनल वूमेन ऑफ कॉरेज अवॉर्ड सहित विभिन्न सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।

कार्यक्रम में आबू राज पर्वत से वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका डॉ. सविता दीदीजी भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी।

ब्रह्माकुमारीज संस्था के अनुसार, अपनी 90 वर्षों की आध्यात्मिक यात्रा के दौरान संस्था ने विभिन्न देशों में राजयोग मेडिटेशन, आत्म-जागरूकता, नैतिक मूल्यों, “एक विश्व–एक परिवार” और शांति का संदेश पहुंचाने का कार्य किया है। संस्था के वैश्विक आध्यात्मिक एवं सामाजिक सेवा कार्यों में महिलाओं की अग्रणी भूमिका रही है।

संस्था द्वारा महिलाओं को शक्ति, करुणा, प्रेम, धैर्य, त्याग और आत्मविश्वास का स्वरूप मानते हुए उन्हें आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया जाता है। इसी उद्देश्य के साथ आयोजित होने वाले इस महिला महासम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाओं के शामिल होने की उम्मीद है।