सवा लाख दीयों से जगमगाएगी दुर्ग की पुरानी पुलिस लाइन, 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग। राज्य शासन के आदेश और कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार दुर्ग जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना, विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों के प्रति लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।

सवा लाख दीयों से होगा अभियान का शुभारंभ

अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर की शाम 6 बजे दुर्ग की पुरानी पुलिस लाइन में सवा लाख दीये प्रज्ज्वलित कर किया जाएगा। इसके साथ ही जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में भी बड़ी संख्या में ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाए जाएंगे।

अभियान के तहत जिले की चिन्हांकित 30 ग्राम पंचायतों में 30 हजार दीये, नगर निगम दुर्ग में 30 हजार, नगर निगम भिलाई-चरोदा में 5 हजार, नगर निगम भिलाई में 1 लाख 25 हजार तथा नगर निगम रिसाली में 51 हजार आशीर्वाद के दीये प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

इसी तरह विकासखंड दुर्ग की ग्राम पंचायतों में प्रत्येक घर में अनुमानित 75 हजार दीये, विकासखंड धमधा में 1 लाख 20 हजार दीये तथा विकासखंड पाटन की ग्राम पंचायतों के प्रत्येक घर में अनुमानित 1 लाख 10 हजार आशीर्वाद के दीये जलाए जाएंगे।

महीनेभर होंगे विभिन्न कार्यक्रम

‘सेवा संकल्प अभियान’ के दौरान जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें ‘आशीर्वाद का दिया’ 17 सितंबर को, ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्र सेवा 18 सितंबर से 3 अक्टूबर तक और ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ 17 से 21 सितंबर, 6 से 10 अक्टूबर तथा 15 से 17 अक्टूबर तक आयोजित होगी।

इसी क्रम में ‘आंगन मिलन सेवा’ 25 सितंबर से 7 अक्टूबर और 12 से 14 अक्टूबर तक, ‘सेवा संकल्प यात्रा’ 1 से 5 अक्टूबर, ‘ज्योति कलश यात्रा विकसित भारत का संकल्प’ 7 अक्टूबर तथा ‘सेवा मेरा योगदान’ 23 से 25 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा।

इसके अलावा ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ 29 सितंबर, ‘सेवा सेतु अभियान सरकार आपके द्वार’ 1 से 5 अक्टूबर, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ 9 अक्टूबर तथा ‘सुशासन सेवा संवाद’ 17 अक्टूबर को आयोजित होगा। ‘जल जन सेवा’ और ‘सेवा की कहानी’ सहित अन्य गतिविधियां भी अभियान का हिस्सा रहेंगी।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अभियान के सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है। प्रशासन का उद्देश्य सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से व्यापक रूप से आगे बढ़ाना है।