दुर्ग में हत्या के प्रयास का आरोपी अहमदाबाद से गिरफ्तार, धारदार हथियार-मोटरसाइकिल और कपड़े बरामद...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

दुर्ग। जिले के उतई थाना क्षेत्र के ग्राम जोरातराई स्थित बाबा रेस्टोरेंट में पुरानी आपसी रंजिश को लेकर राजेन्द्र सिंह पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने अहमदाबाद, गुजरात से गिरफ्तार किया है। घटना के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से फरार होकर गुजरात पहुंच गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार, मोटरसाइकिल और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, 12 सितंबर 2026 को राजेन्द्र सिंह चाय पीने के लिए जोरातराई स्थित बाबा रेस्टोरेंट गए थे। इसी दौरान पीछे से पहुंचे आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते उनके साथ मारपीट की और हत्या की नीयत से धारदार हथियार से गले पर वार कर दिया। बचाव के दौरान आरोपी ने पेट पर भी हमला करने का प्रयास किया। हमले में राजेन्द्र सिंह घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही उतई पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने गवाहों के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और तकनीकी माध्यमों के जरिए आरोपी की लगातार तलाश की। जांच के दौरान आरोपी के अहमदाबाद में होने की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम गुजरात पहुंची और उसे हिरासत में लेकर दुर्ग लाई।

पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी कुरपा बाग (40 वर्ष), निवासी मिलन चौक, बागपारा, वार्ड क्रमांक 37, ग्राम जोरातराई को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक धारदार हथियार, प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 LT 1244 और घटना के समय पहने कपड़े जब्त किए हैं। मामले में थाना उतई में अपराध क्रमांक 458/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस में कार्रवाई की गई है। आरोपी की गिरफ्तारी 15 सितंबर 2026 को की गई।

इस कार्रवाई में थाना उतई के निरीक्षक मोहन भारद्वाज, उप निरीक्षक देवलाल साहू सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आपसी विवाद और रंजिश को हिंसक रूप न दें तथा किसी भी विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय पुलिस को सूचना दें।