राजनांदगांव में साहू समाज का आयोजन, 20 शिक्षकों को किया सम्मानित; समाज को मजबूत बनाने पर मंथन

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

राजनांदगांव। परिक्षेत्र साहू समाज गैंदाटोला के तत्वावधान में सामाजिक परिचर्चा एवं शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला साहू समाज राजनांदगांव के अध्यक्ष नोबल साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं मदन लाल साहू, भरत लाल साहू, जनपद पंचायत छुरिया की सभापति श्रीमती हेमीन विष्णु साहू सहित समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, ग्रामीण अध्यक्ष और सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत मां कर्मा की पूजा-अर्चना से हुई। मुख्य अतिथि नोबल साहू ने कहा कि साहू समाज एक आदर्श समाज है और समाज के नियमों एवं नियमावली का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों को दूर करने और समाज को आगे बढ़ाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने की अपील की। साथ ही उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक समाज का दर्पण होते हैं।

विशिष्ट अतिथि श्रीमती हेमीन विष्णु साहू ने कहा कि साहू समाज आज अन्य समाजों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने समाज को नशामुक्त बनाने और सामाजिक नियमों का पालन करने पर जोर दिया। उन्होंने भी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।

समारोह के दौरान क्षेत्र के 20 शिक्षकों का सम्मान किया गया। सभी सम्मानित शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र और शाल भेंट कर सम्मानित किया गया। शिक्षकों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। समाज के सदस्यों ने कहा कि इस तरह के रचनात्मक आयोजनों से समाज को नई दिशा और लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

सामाजिक परिचर्चा के दौरान नशापान, मद्यपान, मोबाइल की बढ़ती लत और बच्चों को नशे से दूर रखने जैसे विषयों पर चर्चा की गई। साथ ही समाज को संगठित और गौरवशाली बनाने तथा आने वाली पीढ़ी को अपनी संस्कृति और मूल्यों से जोड़ने पर भी विचार-विमर्श हुआ।

कार्यक्रम का संचालन धनेश कुमार साहू एवं विष्णु प्रसाद साहू ने किया। आयोजन को सफल बनाने के लिए परिक्षेत्र अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार साहू ने सभी अतिथियों, समाज प्रमुखों, शिक्षकों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की जानकारी मीडिया प्रभारी गिरधर लाल साहू ने दी।