कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर क्षेत्र से एक दुखद मामला सामने आया है। अंतागढ़ के पास कुहचे गांव स्थित SSB कैंप में एक जवान ने सर्विस रायफल से खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कैंप में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, मृतक जवान की पहचान आनंद प्रकाश तिवारी के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और कुहचे स्थित SSB कैंप में हवलदार के पद पर तैनात था। बताया जा रहा है कि सोमवार को अज्ञात कारणों के चलते जवान ने अपनी सर्विस रायफल से खुद को गोली मार ली।
मामले की जांच में जुटे अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही SSB कैंप के अधिकारियों और स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर भेजा गया है।
फिलहाल जवान ने यह कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस जवान के सहकर्मियों और अन्य संबंधित लोगों से जानकारी जुटा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।