रायपुर। गणेशोत्सव से पहले राजधानी में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया है। कमिश्नरेट पुलिस और रायपुर ग्रामीण पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में शराब तस्करी, चाकूबाजी और हुड़दंग जैसी गतिविधियों में शामिल 146 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान शराब तस्करों, चाकूबाजों और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों को चिन्हित कर पुलिस ने सख्ती बरती।
पुलिस का कहना है कि गणेशोत्सव के दौरान शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ाने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी निगरानी की जा रही है।
पुलिस ने साफ किया है कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या लोगों की सुरक्षा में खलल डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान के जरिए पुलिस ने असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया है कि गणेशोत्सव के दौरान किसी भी तरह का उपद्रव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।