गरियाबंद में दर्दनाक घटना: पति की मौत के बाद पत्नी ने भी लगाई फांसी, एक साल पहले हुई थी लव मैरिज...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां पति-पत्नी की फांसी के फंदे पर लटकी लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों ने करीब एक साल पहले ही लव मैरिज की थी। घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है।

मामला अमलीपदर थाना क्षेत्र के भेजीपदर गांव का है। यहां मिलाप ध्रुव अपनी पत्नी मंजुला ध्रुव के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि दोनों की करीब एक साल पहले लव मैरिज हुई थी। जानकारी के मुताबिक, मिलाप ने पहले किसी बात से आहत होकर जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। इसके बाद बीती रात उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पति की मौत के बाद उसकी पत्नी मंजुला ने भी फांसी लगाकर जान दे दी।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घर के अंदर दोनों के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले। पुलिस ने शवों को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस अब दोनों परिवारों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पति-पत्नी के बीच किसी तरह का विवाद या अनबन थी या फिर घटना के पीछे कोई अन्य वजह थी, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल शुरू कर दी है।