दुर्ग। गंभीर पॉक्सो एवं हत्या के मामले में आरोपी को मृत्युदंड की सजा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली दुर्ग पुलिस की विवेचना टीम को सम्मानित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मान कर उनकी प्रभावी और वैज्ञानिक विवेचना की सराहना की।
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने DNA, FSL, चिकित्सकीय और तकनीकी साक्ष्यों को वैज्ञानिक तरीके से एकत्र किया। इन साक्ष्यों के समन्वित संकलन और प्रभावी विवेचना के आधार पर प्रकरण को न्यायालय के समक्ष मजबूती से प्रस्तुत किया गया।
विशेष न्यायालय (पॉक्सो), दुर्ग ने मामले में आरोपी सोमेश यादव को दोषसिद्ध कर मृत्युदंड से दंडित किया। इस महत्वपूर्ण फैसले के बाद विवेचना में योगदान देने वाली पुलिस टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सम्मानित किया।
सम्मानित टीम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पद्मश्री तंवर, निरीक्षक शिवप्रसाद चन्द्रा, निरीक्षक श्रद्धा पाठक, उप निरीक्षक चेतन चन्द्राकर, उप निरीक्षक पारस ठाकुर, सउनि राजेन्द्र देशमुख, सउनि संगीता मिश्रा सहित एसीसीयू दुर्ग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और उप पुलिस अधीक्षक, हेडक्वार्टर भी उपस्थित रहे।
दुर्ग पुलिस ने कहा कि गंभीर अपराधों की जांच में टीमवर्क, वैज्ञानिक विवेचना और साक्ष्य आधारित पुलिसिंग को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि आरोपियों के खिलाफ मजबूत कार्रवाई सुनिश्चित हो और पीड़ितों को न्याय मिल सके।