रायपुर। छत्तीसगढ़ में सावन माह के बाद भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार 29 अगस्त से बारिश का दायरा और तीव्रता दोनों बढ़ने के आसार हैं। मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश में अब तक हुई मौसमी बारिश सामान्य से करीब 3 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में 29 अगस्त को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। शहर के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ गरज-चमक और बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।
पिछले 24 घंटे में इन इलाकों में हुई बारिश
पिछले 24 घंटे में कुसमी में सबसे ज्यादा 7 सेमी बारिश दर्ज की गई। रामानुजगंज और भैसमा में 6-6 सेमी, जबकि कुनकुरी, वाड्रफनगर, कोरबा और करतला में 5-5 सेमी बारिश हुई।
बलरामपुर, राजपुर, कांसाबेल, प्रतापपुर और पोड़ी में 4-4 सेमी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में दर्ज किया गया।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार सुबह प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। इनमें उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं।
बंगाल की खाड़ी का सिस्टम बढ़ाएगा बारिश की रफ्तार
मौसम विभाग के मुताबिक 29 अगस्त के आसपास उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा तट पर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां तेज हो सकती हैं।
अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है।