नवा रायपुर में हरेली अऊ गृह प्रवेश का भव्य आयोजन, CM साय समेत दिग्गज नेता होंगे शामिल...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

रायपुर। छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और कृषि परंपराओं से जुड़े प्रमुख पर्व हरेली के अवसर पर नवा रायपुर में इस बार खास आयोजन होने जा रहा है। राजस्व, आपदा प्रबंधन, पुनर्वास एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा द्वारा ‘हरेली अऊ गृह प्रवेश’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत प्रदेश सरकार और संगठन के कई प्रमुख नेता शामिल होंगे।

यह भव्य कार्यक्रम बुधवार 12 अगस्त को नवा रायपुर के सेक्टर-24 स्थित एम-12 आवास परिसर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का समय दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। आयोजन में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाजों और आधुनिकता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी मौजूदगी रहेगी। ऐसे में हरेली पर्व के इस विशेष आयोजन को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। 

हरेली पर्व का विशेष महत्व

छत्तीसगढ़ में हरेली पर्व को कृषि और लोक जीवन से जुड़े सबसे महत्वपूर्ण त्योहारों में माना जाता है। इस दिन किसान अपने हल, नागर और कृषि उपकरणों की पूजा करते हैं। मान्यता है कि हरेली के अवसर पर कृषि औजारों की पूजा करने से खेती में अच्छी फसल होती है और परिवार एवं प्रदेश में सुख-समृद्धि बनी रहती है।

हरेली केवल कृषि पर्व ही नहीं, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, परंपरा और ग्रामीण जीवन की पहचान भी है। इस अवसर पर घरों में पारंपरिक पकवान बनाए जाते हैं और लोग उत्साह के साथ पर्व मनाते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में गेड़ी चढ़ने और पारंपरिक खेलों की भी विशेष परंपरा रही है।

‘नेवता’ देकर प्रदेशवासियों को किया आमंत्रित

मंत्री टंक राम वर्मा ने हरेली और गृह प्रवेश के इस शुभ अवसर पर प्रदेशवासियों एवं अपने शुभचिंतकों को पारंपरिक छत्तीसगढ़ी अंदाज में ‘नेवता’ दिया है। उन्होंने लोगों से इस आयोजन में शामिल होकर छत्तीसगढ़ी संस्कृति और परंपरा के उल्लास का हिस्सा बनने का आग्रह किया है।

‘हरेली अऊ गृह प्रवेश’ कार्यक्रम के माध्यम से छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति, खान-पान और लोक परंपराओं को एक मंच पर प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा है। नवा रायपुर में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम हरेली पर्व के उत्सव को और खास बनाएगा।