प्रधानमंत्री आवास योजना: हितग्राहियों को समय पर मकान पूरा करने के निर्देश, जल संरक्षण पर विशेष जोर...

त्वरित खबरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

1. प्रधानमंत्री आवास योजना की चौपाल: हितग्राहियों को समय पर आवास पूरा करने के निर्देश, जल संरक्षण पर विशेष जोर


बेमेतरा, 18 जुलाई 2026। जनपद पंचायत साजा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ने ग्राम पंचायत दर्री में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत चौपाल बैठक आयोजित कर हितग्राहियों को समय पर आवास निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में स्वीकृत आवासों की प्रगति की समीक्षा की गई और निर्माण कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया गया।

इस दौरान सीईओ ने जल संरक्षण के महत्व पर ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि "जल ही जीवन है", इसलिए प्रत्येक परिवार को अपने घरों में सोकपिट (सोखता गड्ढा) और रेन वॉटर हार्वेस्टिंग जैसी संरचनाएं बनानी चाहिए। उन्होंने बताया कि इससे वर्षा जल का संरक्षण होगा, भू-जल स्तर बढ़ेगा और भविष्य में जल संकट से बचाव संभव होगा।

सीईओ ने विकासखंड समन्वयक, सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक और पंचों को निर्देशित किया कि वे ग्रामीणों को जल संरक्षण संबंधी तकनीकी मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग प्रदान करें। चौपाल में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सहित विभिन्न शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई और उनका अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।


2. सेवा सेतु पोर्टल से तुरंत मिला विवाह प्रमाण पत्र, नवविवाहिता ने शासन-प्रशासन का जताया आभार


बेमेतरा, 18 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित सेवा सेतु पोर्टल आम नागरिकों को शासकीय सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने में प्रभावी साबित हो रहा है। इसका ताजा उदाहरण नगर पंचायत देवकर की निवासी रेनु मंडावी हैं, जिन्हें विवाह के तुरंत बाद सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से समय पर विवाह प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ।

रेनु मंडावी ने बताया कि विवाह के बाद उन्हें आधार कार्ड, बैंक खाते में पति का नाम दर्ज कराने, मतदाता सूची में नाम जोड़ने और राशन कार्ड सहित अन्य शासकीय कार्यों के लिए विवाह प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। उन्होंने नगर पंचायत देवकर कार्यालय में सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया और बिना किसी अनावश्यक विलंब के प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया।

उन्होंने कहा कि पहले ऐसे प्रमाण पत्र प्राप्त करने में अधिक समय लगने की आशंका रहती थी, लेकिन सेवा सेतु पोर्टल ने पूरी प्रक्रिया को आसान और तेज बना दिया है। रेनु मंडावी ने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, छत्तीसगढ़ शासन, जिला प्रशासन बेमेतरा, नगर पंचायत देवकर और मुख्य नगर पालिका अधिकारी का आभार व्यक्त किया।