दुर्ग। उधमपुर-दुर्ग सुपरफास्ट एक्सप्रेस में तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों को पूरी रात भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेन के कई कोचों में एसी और लाइट बंद हो जाने से यात्रियों में नाराजगी फैल गई। समस्या लंबे समय तक दूर नहीं होने पर यात्रियों ने तीन बार चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका और रेलवे से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
यात्रियों के अनुसार, तकनीकी खराबी के चलते कोचों में घुटन का माहौल बन गया। रातभर एसी और लाइट बंद रहने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कत हुई। कई यात्रियों ने मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में रात बिताई।
घटना के दौरान कुछ यात्रियों ने अपनी परेशानी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में यात्री बंद एसी, अंधेरे कोच और अपनी समस्याओं को दिखाते हुए रेलवे प्रशासन से जल्द समाधान की मांग करते नजर आए।
बताया जा रहा है कि यात्रियों ने ट्रेन स्टाफ को कई बार शिकायत दी, लेकिन तकनीकी खराबी तुरंत दूर नहीं हो सकी। लगातार परेशानी के बाद नाराज यात्रियों ने तीन अलग-अलग स्थानों पर चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका, जिसके बाद रेलवे कर्मचारियों ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया।
फिलहाल रेलवे की ओर से तकनीकी खराबी के कारणों की जांच की जा रही है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इस मामले में रेलवे का विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था।