सूरजपुर में आपदा से निपटने की तैयारी तेज: केनापारा पोखरी में हाई-टेक मॉक ड्रिल

त्वरित खबरें :अमित रिपोर्टिंग

सूरजपुर। जिले में संभावित प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में केनापारा पोखरी में आपदा प्रबंधन को लेकर हाई-टेक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान बचाव एवं राहत कार्यों का वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप अभ्यास किया गया।

मॉक ड्रिल का निरीक्षण कलेक्टर रेना जमील ने किया। उन्होंने विभिन्न विभागों की तैयारियों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आपदा की स्थिति में त्वरित और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि ऐसी अभ्यास गतिविधियों का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में जनहानि और संपत्ति के नुकसान को कम करना तथा राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाना है।

मॉक ड्रिल में जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, नगर सेना, एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और अन्य संबंधित विभागों की टीमों ने भाग लिया। इस दौरान रेस्क्यू ऑपरेशन, घायलों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने और सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का अभ्यास किया गया।

प्रशासन का कहना है कि मानसून के दौरान संभावित बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं को देखते हुए इस तरह के अभ्यास नियमित रूप से किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में सभी एजेंसियां बेहतर समन्वय के साथ तत्काल कार्रवाई कर सकें।