दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन के गुप्त चेंबर से 4 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है। सफेद रंग के बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चेंबर में रकम छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने वाहन में सवार दो व्यक्तियों से पूछताछ शुरू कर दी है।
वाहन के पिछले हिस्से में बना था गुप्त चेंबर
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अवैध गतिविधियों और संदिग्ध परिवहन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सूचना के आधार पर खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा के पास रात करीब 11 बजे वाहन चेकिंग के दौरान बोलेरो मैक्स पिकअप क्रमांक CG 04 QU 5996 को रोककर तलाशी ली गई।
बताया गया कि पिकअप का पिछला हिस्सा मॉडिफाई कर पूरी तरह बंद किया गया था। सघन तलाशी लेने पर उसमें एक विशेष गुप्त चेंबर मिला। चेंबर खोलने पर उसमें छिपाकर रखी गई भारतीय मुद्रा बरामद हुई।
चार करोड़ रुपये की नकदी जब्त
पुलिस के मुताबिक, वाहन से कुल 4 करोड़ रुपये बरामद किए गए हैं। वाहन में सवार व्यक्तियों की पहचान भवेशभाई जीनाभाई डाभी (चालक) और विष्णुदेव दुबे के रूप में बताई गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नकदी रायपुर से नागपुर की ओर ले जाई जा रही थी। हालांकि, रकम किसकी है, इसका स्रोत क्या है और इसे किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था, इन बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है।
आयकर विभाग को दी जाएगी सूचना
पुलिस के अनुसार, बरामद रकम के स्वामित्व, वित्तीय स्रोत और परिवहन के उद्देश्य की जांच की जा रही है। मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई जारी है। रकम से संबंधित वित्तीय तथ्यों की जांच के लिए आयकर विभाग को भी सूचना भेजी जा रही है।
फिलहाल, नकदी के वास्तविक स्रोत और परिवहन से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
नोट: यह समाचार पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति के आधार पर तैयार किया गया है।