दुर्ग। इंदिरा मार्केट की यातायात, पार्किंग और बाजार व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन, दुर्ग पुलिस, नगर निगम और व्यापारी संघ की संयुक्त बैठक शुक्रवार को कलेक्टोरेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में बाजार क्षेत्र में बढ़ती अव्यवस्था, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण जैसी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा कर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने मुख्य प्रवेश द्वार पर अवैध पार्किंग, ठेले-पसरा और अतिक्रमण के कारण ग्राहकों के दुकानों तक पहुंचने में हो रही परेशानी और व्यापार पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव की जानकारी अधिकारियों को दी। इसके अलावा पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने तथा मछली मार्केट क्षेत्र में वाहनों की लोडिंग-अनलोडिंग को नियंत्रित करने के संबंध में भी सुझाव दिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इंदिरा मार्केट क्षेत्र में सुचारू यातायात और व्यवस्थित बाजार संचालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस, जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम नियमित अभियान चलाएगी। इस दौरान अवैध पार्किंग करने वाले वाहनों, यातायात बाधित करने वालों और अनधिकृत रूप से लगाए गए ठेले-पसरा एवं अतिक्रमण के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि बाजार आने वाले नागरिकों और व्यापारियों को बेहतर और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, नगर निगम, व्यापारी संघ, पार्किंग ठेकेदार तथा संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और बाजार व्यवस्था को सुधारने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने पर सहमति जताई।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें तथा सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण या अवरोध उत्पन्न न करें। पुलिस ने कहा कि सुव्यवस्थित और सुरक्षित शहर के निर्माण में सभी का सहयोग आवश्यक है।