बोरतलाब में दर्दनाक हादसा: खेत में बने गड्ढे के पानी में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत

राहुल ओझा ब्यूरो प्रमुख राजनांदगांव

बोरतलाब में दर्दनाक हादसा: खेत में बने गड्ढे के पानी में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत

राजनांदगांव/बोरतलाब। जिले के बोरतलाब क्षेत्र के गांधीनगर में गुरुवार को एक हृदयविदारक हादसे में तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि खेत समतलीकरण के दौरान बने गहरे गड्ढे में बारिश का पानी भर गया था, जो बच्चों के लिए जानलेवा साबित हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बच्चे खेलते-खेलते खेत की ओर चले गए और पानी से भरे गहरे गड्ढे में उतर गए। गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण तीनों बच्चे डूब गए। मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल बताए जा रहे हैं। बच्चों की उम्र लगभग 5 से 10 वर्ष के बीच बताई गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने बच्चों की तलाश शुरू की। काफी देर तक खोजबीन के बाद पानी में बच्चों के कपड़े और चप्पल दिखाई देने पर पुलिस एवं प्रशासन को सूचना दी गई। रात के अंधेरे में ग्रामीणों और प्रशासन की टीम ने टॉर्च व मोबाइल की रोशनी में रेस्क्यू अभियान चलाकर तीनों बच्चों के शव बाहर निकाले।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांधीनगर गांव में मातम पसरा हुआ है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।