रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कारोबारी विकास गर्ग को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद अदालत से 24 घंटे की ट्रांजिट रिमांड मिलने पर ED की टीम उन्हें रायपुर लेकर आ रही है, जहां आगे पूछताछ की जाएगी।
जांच एजेंसी के अनुसार, विकास गर्ग पर महादेव ऐप से जुड़े वित्तीय लेनदेन और कथित मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क में भूमिका निभाने का आरोप है। रायपुर पहुंचने के बाद उन्हें विशेष अदालत में पेश कर आगे की रिमांड मांगी जाएगी।
ED इससे पहले भी महादेव ऐप मामले में कई राज्यों में छापेमारी कर चुकी है और अब तक करीब 940 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियां जब्त या कुर्क कर चुकी है। जांच एजेंसी इस मामले में लगातार धनशोधन, हवाला नेटवर्क और सट्टेबाजी से जुड़े वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है।
महादेव सट्टा ऐप मामले को देश के सबसे बड़े ऑनलाइन सट्टेबाजी और मनी लॉन्ड्रिंग मामलों में से एक माना जा रहा है। इस मामले में पहले भी कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच लगातार जारी है।