जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव: सांसद भोजराज नाग बोले— शिक्षा ही राष्ट्र और समाज के विकास की आधारशिला

त्वरित ख़बरें

बालोद /  डौण्डी विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गुजरा में सोमवार को जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण और संस्कारयुक्त शिक्षा किसी भी राष्ट्र एवं समाज के विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार नई शिक्षा नीति के माध्यम से वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण की दिशा में कार्य कर रही हैं।

समारोह में कक्षा पहली, छठवीं, नौवीं और ग्यारहवीं के नवप्रवेशित विद्यार्थियों का फूलमाला पहनाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों के साथ सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिलों का भी वितरण किया गया। वहीं विद्यालय में नवनिर्मित प्रार्थना शेड का लोकार्पण भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सांसद भोजराज नाग ने विद्यालय के प्रार्थना शेड परिसर के सीमेंटीकरण तथा अतिरिक्त कक्ष निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अधोसंरचना के विकास के साथ-साथ शिक्षित, संस्कारित और ज्ञानवान समाज का निर्माण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, नीर चेतना अभियान और वृक्षारोपण जैसे प्रयासों की सराहना करते हुए सभी से पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर ने की। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने कहा कि शाला प्रवेश उत्सव केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के भविष्य के निर्माण का अवसर है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान और 13 से 18 जुलाई तक चल रहे सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान में सहभागिता की अपील की।

इस अवसर पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, जिला शिक्षा अधिकारी दीपक दुबे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। समारोह में प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया तथा दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को स्मार्टफोन और श्रवण बाधित विद्यार्थियों को टैबलेट भी वितरित किए गए। कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और विद्यार्थियों ने न्योता भोज में भी सहभागिता की।