राजनांदगांव, स्थित ठाकुर प्यारेलाल सिंह नगर पालिक निगम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए शाला प्रावीण्य सूची के आधार पर छात्र पदाधिकारियों का मनोनयन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य आर.एस. बघेल ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा शाला नायक को विद्यालय की कमान सौंपी।
विद्यालय के नए शाला नायक के रूप में कक्षा 12वीं वाणिज्य संकाय के चंदन जागड़े का चयन किया गया। वहीं कक्षा 11वीं वाणिज्य संकाय की हेमलता साहू को उप शाला नायक बनाया गया।
इसके अलावा प्रेरणा वर्मा को विज्ञान समिति की अध्यक्ष, सारिका कंवर को साहित्य समिति की अध्यक्ष, मीनाक्षी को क्रीड़ा समिति की अध्यक्ष, संध्या वर्मा को वाणिज्य समिति की अध्यक्ष तथा ओशी रामटेके को छात्रा प्रतिनिधि नियुक्त किया गया।
शपथ ग्रहण के बाद शाला नायक चंदन जागड़े ने कहा कि वे विद्यालय में अनुशासन बनाए रखने, शिक्षकों का सम्मान करने, विद्यालय के हित में कार्य करने तथा विद्यार्थियों को पढ़ाई के प्रति प्रेरित करने का हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने स्वयं भी कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ अध्ययन करने का संकल्प व्यक्त किया।
प्राचार्य आर.एस. बघेल ने सभी छात्र पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। छात्र संघ प्रभारी प्रकाश यादव, क्रीड़ा अधिकारी हेमंत सोनवानी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकों ने भी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के पीआरओ एवं वरिष्ठ शिक्षक एस.के. भालाधरे तथा प्राचार्य आर.एस. बघेल ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उक्त जानकारी दी।