टिकरापारा वार्ड क्रमांक 3 की आंगनबाड़ी 15 वर्षों से किराए के भवन में संचालित, बच्चों को हो रही परेशानी
डोंगरगढ़। नगर के टिकरापारा वार्ड क्रमांक 3 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र विगत लगभग 15 वर्षों से किराए के एक छोटे से मकान में संचालित हो रहा है। भवन की कमी के कारण यहां आने वाले छोटे-छोटे बच्चों को पर्याप्त जगह, सुरक्षित वातावरण और आवश्यक सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका भी सीमित संसाधनों के बीच कार्य करने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन द्वारा आंगनबाड़ी भवन निर्माण के लिए भूमि आवंटित किए जाने के बावजूद आज तक भवन निर्माण शुरू नहीं हो सका। वर्षों से प्रस्ताव कागजों तक ही सीमित है, जिससे बच्चों और कर्मचारियों को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि वार्ड की अधिकांश शासकीय भूमि पर कब्जा कर अवैध प्लॉटिंग की जा चुकी है, जिससे सार्वजनिक उपयोग के लिए भूमि का अभाव पैदा हो गया है। लोगों का आरोप है कि समय रहते प्रशासन ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की, जिसके कारण आज भी आंगनबाड़ी केंद्र को अपना स्थायी भवन नहीं मिल सका।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग से मांग की है कि आवंटित भूमि पर शीघ्र आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कराया जाए, ताकि बच्चों को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण में शिक्षा और पोषण संबंधी सुविधाएं मिल सकें। साथ ही शासकीय भूमि पर हुए अतिक्रमण और अवैध प्लॉटिंग की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की भी मांग की गई है।