रायपुर में गांजा तस्करी पर कार्रवाई: 2.162 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार, ₹1.02 लाख का माल जब्त

त्वरित ख़बरें - रायपुर ब्यूरों प्रमुख प्रिया शर्मा

रायपुर। रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2.162 किलोग्राम गांजा, बिक्री की ₹2,000 नकद राशि सहित कुल ₹1.02 लाख का सामान जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को सूचना मिली थी कि कुकुरबेड़ा स्थित ओवरब्रिज के पास एक व्यक्ति गांजा बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) के निर्देश पर सरस्वती नगर थाना पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की।

पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की, जिसने अपना नाम हरीश सेन्द्रे (38) निवासी कुकुरबेड़ा, थाना सरस्वती नगर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास रखी बोरी से 2.162 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

आरोपी के कब्जे से करीब ₹1 लाख कीमत का गांजा और ₹2,000 बिक्री की नकदी जब्त की गई। कुल जब्ती की कीमत लगभग ₹1.02 लाख आंकी गई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सरस्वती नगर में अपराध क्रमांक 146/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।