बालोद में बारिश के बाद खेत धंसा, 20 फीट चौड़ा-30 फीट गहरा गड्ढा बनने से हड़कंप

त्वरित खबरें :अमित रिपोर्टिंग

बालोद। जिले में लगातार 24 घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश के बाद एक खेत में अचानक जमीन धंसने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। खेत के बीचों-बीच करीब 20 फीट चौड़ा और लगभग 30 फीट गहरा गड्ढा बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लगातार बारिश के कारण जमीन के भीतर कटाव होने से अचानक यह भू-धंसाव हुआ। गड्ढा इतना गहरा है कि उसके भीतर का तल साफ दिखाई नहीं देता। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते किसी व्यक्ति या मवेशी का वहां से गुजरना होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन को इसकी सूचना दी है। क्षेत्र के लोगों ने गड्ढे के आसपास सुरक्षा व्यवस्था करने और विशेषज्ञों से इसकी जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल एहतियात के तौर पर लोगों को गड्ढे के पास जाने से रोका जा रहा है।

लगातार हो रही बारिश के चलते जिले के कई इलाकों में जलभराव, सड़क क्षति और भूमि कटाव जैसी समस्याएं भी सामने आ रही हैं। इस घटना ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन की ओर से जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह सामान्य भू-धंसाव है या इसके पीछे कोई अन्य भू-वैज्ञानिक कारण है।