रायपुर में जलभराव पर निगम आयुक्त सख्त, नालों से अवैध कब्जे हटाने के निर्देश

त्वरित ख़बरें - रायपुर ब्यूरों प्रमुख प्रिया शर्मा

राजधानी, रायपुर में मानसून की पहली तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने पर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने अधिकारियों के साथ विभिन्न नालों और प्रभावित क्षेत्रों का मौके पर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नालों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था और जलभराव की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी नालों के मुहानों को खोलकर उनकी प्रभावी सफाई कराई जाए, ताकि दोबारा जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। साथ ही नालों पर किए गए अवैध कब्जों की सूची तैयार कर उन्हें शीघ्र हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने नगर निगम के जोन-3 अंतर्गत गांधीनगर, कालीनगर और गोरखा कॉलोनी के नालों के अलावा जोन-5 के प्रोफेसर कॉलोनी, कुशालपुर और मठपारा तथा जोन-9 के आदर्श नगर मोवा, छोकरा नाला, जब्बार नाला और दलदल सिवनी क्षेत्र का भी दौरा किया। उन्होंने मौके पर सफाई कार्य की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को मानसून के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

आयुक्त संबित मिश्रा ने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था लगातार सुचारु रखी जाए और जलभराव की पुनरावृत्ति रोकने के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाए। निरीक्षण के दौरान संबंधित वार्ड पार्षद, अपर आयुक्त स्वास्थ्य, जोन कमिश्नर, कार्यपालन अभियंता तथा नगर निगम के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।