रायपुर में जलभराव पर एक्शन मोड में महापौर, 24 घंटे पंप चलाने के निर्देश

त्वरित ख़बरें - रायपुर ब्यूरों प्रमुख प्रिया शर्मा

राजधानी ,रायपुर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। हालात का जायजा लेने के लिए महापौर मीनल चौबे स्वयं प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचीं और राहत कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने नागरिकों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि नगर निगम की पूरी टीम स्थिति को सामान्य करने के लिए लगातार काम कर रही है।

महापौर ने कहा कि शहर के कुछ हिस्सों में बेतरतीब निर्माण और पर्याप्त जल निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण जलभराव की समस्या उत्पन्न हुई है। उन्होंने प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी परेशानी नगर निगम की प्राथमिकता है और पानी निकासी के लिए 24 घंटे हाई-पावर सक्शन पंप लगाए जा रहे हैं। साथ ही नागरिकों से अपील की कि जलभराव वाले क्षेत्रों में बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों और खुले बिजली तारों से दूरी बनाए रखें तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

महापौर ने नगर निगम के सभी जोन कमिश्नरों, इंजीनियरों और सफाई अमले को दफ्तर छोड़कर फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। जलभराव वाले इलाकों में तुरंत पानी निकासी, नालों की सफाई, जेसीबी की तैनाती, खुले मेनहोल की बैरिकेडिंग तथा पानी उतरने के बाद डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए ब्लीचिंग पाउडर, चूना और एंटी-लार्वा दवाओं के छिड़काव के निर्देश भी दिए गए हैं।

महापौर ने स्पष्ट चेतावनी दी कि राहत कार्यों में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी क्षेत्र से शिकायत मिलने पर समय पर कार्रवाई नहीं हुई या कोई अधिकारी फील्ड से अनुपस्थित पाया गया तो उसके खिलाफ विभागीय एवं दंडात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी। वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर ने भी सभी पार्षदों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने वार्डों में जनता की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित समाधान का प्रयास करें।