"पारिवारिक विवाद में पिता की हत्या के मामले का खुलासा, प्रार्थी ही निकला आरोपी; बोरी पुलिस ने किया गिरफ्तार"

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग, 24 जून 2026। थाना बोरी पुलिस ने पारिवारिक विवाद में हुई एक हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए मृतक के पुत्र को ही आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया है। मामले का खुलासा मर्ग जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर किया गया।

पुलिस के अनुसार, 17 जून 2026 को ग्राम नवागांव वार्ड क्रमांक 06 निवासी नीलकमल साहू ने थाना बोरी पहुंचकर सूचना दी थी कि उसके पिता कुलेश्वर साहू घर में मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, पंचनामा, गवाहों के बयान और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए। वहीं, मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सकों ने सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण मृत्यु होना बताया तथा मौत की प्रकृति हत्या होना प्रमाणित किया।

मर्ग जांच और पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक कुलेश्वर साहू और उसके पुत्र नीलकमल साहू के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। विवाद के दौरान नीलकमल ने अपने पिता के साथ मारपीट की थी, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई।

जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने प्रार्थी नीलकमल साहू को ही आरोपी पाया। इसके बाद उसके खिलाफ धारा 103(1) एवं 238 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, घटना का मुख्य कारण पारिवारिक विवाद था। आरोपी नीलकमल साहू (19 वर्ष) ग्राम नवागांव, थाना बोरी, जिला दुर्ग का निवासी है।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि पारिवारिक विवादों का समाधान शांतिपूर्ण और कानूनी माध्यमों से करें। किसी भी प्रकार की हिंसा कानूनन अपराध है तथा किसी भी संदिग्ध घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें।