नाव्या मलिक ड्रग्स केस में ED की दस्तक, मनी ट्रेल और नेटवर्क खंगालने की तैयारी

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

कथित "ड्रग्स क्वीन" नाव्या मलिक से जुड़े हाई-प्रोफाइल ड्रग्स मामले में अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की भी एंट्री हो गई है। एजेंसी ने मामले से संबंधित चार्जशीट, केस डायरी और जांच से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज मांगे हैं। ED अब इस पूरे नेटवर्क के आर्थिक पहलुओं, संदिग्ध लेन-देन और मनी ट्रेल की जांच करेगी।

सूत्रों के मुताबिक, एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रग्स कारोबार से अर्जित धन का उपयोग कहां और कैसे किया गया। साथ ही नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, वित्तीय लेन-देन और संभावित हवाला कनेक्शन की भी पड़ताल की जाएगी। यदि जांच में अवैध कमाई के सबूत मिलते हैं तो मनी लॉन्ड्रिंग के तहत कार्रवाई और संपत्तियों को अटैच करने की प्रक्रिया भी शुरू हो सकती है।

ED की एंट्री के बाद मामला और गंभीर हो गया है। अब जांच का दायरा केवल ड्रग्स सप्लाई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके पीछे मौजूद पूरे आर्थिक नेटवर्क और फंडिंग चैनल की भी गहन जांच होगी। एजेंसियां यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि इस कथित नेटवर्क की जड़ें कितनी गहरी हैं और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही है।

मामले में आगे होने वाले खुलासों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि ED की जांच से ड्रग्स कारोबार के आर्थिक तंत्र से जुड़े कई अहम राज सामने आ सकते हैं।