खान सर पर हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट का केस, गिरफ्तारी की तैयारी में पुलिस

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

पटना, के चर्चित शिक्षक फैसल खान उर्फ खान सर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। उनकी कोचिंग संस्थान में हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार कदमकुआं थाने में खान सर के खिलाफ हत्या की कोशिश (अटेम्प्ट टू मर्डर) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई उस वीडियो के सामने आने के बाद हुई है, जिसमें उनकी कोचिंग के बाहर उनके बॉडीगार्ड्स फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। मामले में पुलिस पहले ही दोनों बॉडीगार्ड्स को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है और अब दर्ज एफआईआर में खान सर को भी नामजद आरोपी बनाया गया है। बताया जा रहा है कि पुलिस उनकी गिरफ्तारी की दिशा में भी आगे की कार्रवाई कर रही है।

यह पूरा मामला 2 जून की रात का है, जब पटना स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया था। घटना के दौरान मारपीट और हंगामे के बीच खान सर के सुरक्षाकर्मियों ने फायरिंग की थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। पुलिस का कहना है कि फायरिंग की घटना गंभीर है और इसी आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं खान सर का दावा है कि उनके गार्ड्स ने आत्मरक्षा के लिए गोली चलाई थी। उनका कहना है कि हमलावरों ने उनके सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट की और स्थिति नियंत्रण से बाहर हो रही थी। ऐसे में गार्ड्स ने अपनी और वहां मौजूद लोगों की सुरक्षा के लिए फायरिंग की।

खान सर ने हाल ही में एक वीडियो जारी कर इस पूरे मामले पर अपनी सफाई भी दी। उन्होंने कहा कि घटना के समय पुलिस को मौके पर पहुंचने में समय लगना स्वाभाविक था और तब तक उनके गार्ड्स को हालात संभालने पड़े। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची थी, तब तक उनके बॉडीगार्ड्स क्या करते। उन्होंने दावा किया कि फायरिंग किसी व्यक्ति को निशाना बनाकर नहीं की गई, बल्कि आत्मरक्षा के लिए की गई थी। खान सर ने यह भी कहा कि उनके गार्ड को 20-25 लोगों ने बेरहमी से पीटा था और इस मामले के असली आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई है।

इस बीच खान सर का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें वह अपनी क्लास में छात्रों को पूरी घटना की जानकारी देते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वह सीसीटीवी फुटेज दिखाते हुए कहते हैं कि मामले को भटकाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने छात्रों से कहा कि यदि खान ग्लोबल स्टडीज बंद हो गया तो आने वाले समय में अन्य कोचिंग संस्थानों की फीस एक लाख से डेढ़ लाख रुपये तक पहुंच सकती है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनका उद्देश्य सिर्फ शिक्षा देना है, पैसा कमाना नहीं। वीडियो में खान सर एक किताब हाथ में लेकर यह कहते हुए भी नजर आते हैं कि वह विद्या की कसम खाकर कह रहे हैं कि घटना के दिन फायरिंग हुई थी, लेकिन उसका उद्देश्य किसी को नुकसान पहुंचाना नहीं था।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस पूरे घटनाक्रम ने बिहार के शिक्षा जगत और सोशल मीडिया पर बड़ी बहस छेड़ दी है। एक ओर जहां खान सर अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पुलिस कानूनी प्रक्रिया के तहत मामले की जांच में जुटी हुई है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि जांच के बाद इस मामले में आगे क्या निष्कर्ष सामने आता है।