सुशासन तिहार: नवागढ़ में आज जनसमस्या निवारण शिविर, नागरिकों की समस्याओं का होगा समाधान

त्वरित खब्बारे ;हर्ष कुमार गुप्ता

बेमेतरा जिले के नगर पंचायत नवागढ़ में सुशासन तिहार के अंतर्गत आज जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर नगर पंचायत कार्यालय भवन परिसर में प्रातः 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा। शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है। जिला प्रशासन एवं नगर पंचायत द्वारा इस आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

शिविर में नागरिक अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक एवं सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इससे लोगों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

इसके अलावा शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले स्टॉलों के माध्यम से शासन की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक दस्तावेजों की जांच, पंजीयन एवं आवेदन प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। विशेष रूप से सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत योजना, आवास योजना, श्रम विभाग की योजनाएं, महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाएं तथा अन्य विकासोन्मुखी कार्यक्रमों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

सुशासन तिहार का उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना तथा शासन की सेवाओं को आम नागरिकों तक सरल और सुलभ रूप में पहुंचाना है। ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हो रहा है। जिला प्रशासन ने नगर पंचायत नवागढ़ के सभी वार्डों के नागरिकों से निर्धारित समय पर शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं मांगें प्रस्तुत करने तथा शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है। यह शिविर क्षेत्र के नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा, जहां उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी और लाभ प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।