छत्तीसगढ़,के दुर्ग जिले के भिलाई में स्थित एक मारुति सुजुकी शोरूम में उस वक्त जमकर हंगामा मच गया, जब एक महिला कर्मचारी ने शोरूम के जनरल मैनेजर (GM) अंकित आनंद पर स्याही फेंक दी और उनके साथ मारपीट कर दी। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला भिलाई नगर थाना क्षेत्र स्थित चौहान ऑटोमोबाइल शोरूम का बताया जा रहा है। महिला कर्मचारी का आरोप है कि जीएम अंकित आनंद लंबे समय से उसे अश्लील मैसेज भेज रहे थे, गलत तरीके से बात करते थे और उसके साथ छेड़छाड़ भी करते थे। इन आरोपों को लेकर महिला पहले ही पुलिस में शिकायत दर्ज करा चुकी थी।
जानकारी के मुताबिक 22 मई को पुलिस टीम शिकायत की जांच के लिए शोरूम पहुंची थी। पुलिस अधिकारियों के साथ आरोपी जीएम अंकित आनंद भी मौजूद थे। इसी दौरान महिला कर्मचारी का गुस्सा फूट पड़ा। वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही अंकित आनंद ऑफिस के अंदर पहुंचे, महिला सीधे उनके सामने पहुंची और उनके चेहरे व कपड़ों पर स्याही फेंक दी। इसके बाद महिला ने उन्हें थप्पड़ मारे और लात भी चलाई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी बीच-बचाव करते नजर आए, लेकिन महिला बेहद आक्रोशित थी और लगातार जीएम पर अपना गुस्सा जाहिर करती रही।
घटना के दौरान वहां महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थीं, जिसके कारण पुरुष पुलिसकर्मी केवल महिला को शांत कराने और स्थिति संभालने की कोशिश करते दिखाई दिए। वीडियो में यह भी नजर आ रहा है कि जीएम अंकित आनंद खुद को बचाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि महिला लगातार उन पर आरोप लगाते हुए हंगामा करती रही।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस ने जीएम अंकित आनंद के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला कर्मचारी का कहना है कि वह लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान थी और कई बार उसने इस व्यवहार का विरोध भी किया था। वहीं शोरूम के अंदर काम करने वाली अन्य महिला कर्मचारियों को लेकर भी बड़ी जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि केवल एक महिला ही नहीं, बल्कि 3 से 4 अन्य महिला स्टाफ भी जीएम के व्यवहार से परेशान थीं। हालांकि अब तक किसी अन्य कर्मचारी ने खुलकर मीडिया के सामने बयान नहीं दिया है, लेकिन अंदरूनी तौर पर कई शिकायतें होने की बात कही जा रही है।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला पूरे भिलाई शहर में चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर लोग इस घटना को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग महिला के गुस्से को उसकी पीड़ा बता रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि कानून को हाथ में लेना सही नहीं है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और शोरूम के कर्मचारियों से पूछताछ भी की जा रही है। आने वाले दिनों में जांच के बाद मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है