राजनांदगांव जिले में अवैध रेत कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डोंगरगांव स्थित शासकीय महाविद्यालय परिसर में भारी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित रेत को जब्त किया है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर राजस्व एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम लगातार जिलेभर में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत अधिकारियों ने डोंगरगांव क्षेत्र के शासकीय महाविद्यालय को आबंटित खसरा नंबर 488/2 रकबा 2.473 हेक्टेयर भूमि का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सरस्वती शिशु मंदिर के पास कॉलेज के खेल मैदान में अवैध रूप से भंडारित 14 हाईवा (10 चक्का) रेत पाई गई, जिसे देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि रेत को बिना किसी वैध अनुमति के वहां जमा किया गया था। टीम ने मौके पर कॉलेज प्राचार्य सहित अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी रेत भंडारण के संबंध में जानकारी होने से इनकार कर दिया। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रखी गई रेत को जब्त किया और शिवनाथ नदी के खुज्जी पुल के पास पुनः नदी में डलवा दिया। प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध खनिज कारोबार को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों की पहचान कर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। राजस्व और खनिज विभाग की टीम लगातार संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त और निगरानी कर रही है ताकि अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। इस कार्रवाई के बाद रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है।