दुर्ग। कुम्हारी पुलिस ने अवैध रूप से गांजा बिक्री करने की तैयारी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 1.140 किलोग्राम गांजा, मोबाइल फोन और 4,000 नकद बरामद किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 60 हजार बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 7 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुम्हारी क्षेत्र के बड़े तरीय के पीछे एक व्यक्ति गांजा लेकर ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
1.140 किलो गांजा बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.140 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 55 हजार है, बरामद किया। इसके अलावा एक मोबाइल फोन और 4,000 नकद भी जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपी की पहचान परमेश्वर महानद (38 वर्ष), निवासी रूप नगर, कुम्हारी, जिला दुर्ग के रूप में की है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपी के खिलाफ थाना कुम्हारी में अपराध क्रमांक 310/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने धारा 20(ख) एवं 27क NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, परिवहन या सेवन से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।