सार्वजनिक जमीन पर कब्जे पर निगम सख्त, जयंती नगर में महापौर ने किया निरीक्षण

त्वरित खबरे आस्था मानिकपुरी

दुर्ग    नगर पालिक निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 16 जयंती नगर स्थित गार्डन हेतु घोषित रिक्त भूमि पर अतिक्रमण कर कब्जा किए जाने की शिकायत वार्डवासियों द्वारा महापौर अलका बाघमार से की गई। शिकायत मिलते ही महापौर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थल का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महापौर अलका बाघमार के साथ लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, भवन अधिकारी प्रकाश चंद थवानी एवं उप अभियंता पंकज साहू उपस्थित रहे। वार्डवासियों ने बताया कि संबंधित स्थल पर अतिक्रमण कर कब्जा किया गया है, जिससे मिनी गार्डन निर्माण की योजना प्रभावित हो रही है तथा क्षेत्र के नागरिकों को सार्वजनिक सुविधा से वंचित होना पड़ रहा है।सड़क पर बढ़ाई गई सीढ़ी हटाने के निर्देश, आवागमन में हो रही थी परेशानी

निरीक्षण के दौरान महापौर ने सड़क क्षेत्र में आगे बढ़ाकर बनाए गए सीढ़ी निर्माण को भी हटाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि सड़क पर अतिक्रमण एवं सीढ़ी निर्माण के कारण लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं एवं बच्चों को आने-जाने में परेशानी होती है।

महापौर अलका बाघमार ने कहा कि निगम क्षेत्र में सार्वजनिक भूमि एवं सड़क पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी।

वार्डवासियों ने निगम कार्रवाई का किया स्वागत

निरीक्षण के दौरान क्षेत्र के नागरिक एवं समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। 

वार्डवासियों ने महापौर एवं निगम प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर स्थल को कब्जा मुक्त कराने की मांग की। नागरिकों ने निगम की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि सार्वजनिक उपयोग की भूमि को सुरक्षित रखना आवश्यक है।

इस अवसर पर समाजसेवी सविता वर्मा, किरण सुखदेवे, मनीष अग्रवाल, नीतू अग्रवाल, श्यामा अग्रवाल, रेखा वैष्णव, धर्मपाल वर्मा, माधुरी वर्मा, चेतन दास साहू, कुमुद साहू, जी. विश्वनाथ, साईबानी साहू एवं प्रहलाद भास्कर सहित अन्य वार्डवासी मौजूद रहे।