मुरमुंदा में शासकीय जमीन से हटाया गया अतिक्रमण, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

त्वरित खबरे ; डोंगरगढ़ राहुल ओझा

राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम मुरमुंदा में शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम के वार्ड नंबर 2 सतनामी पारा निवासी मोहन बघेल द्वारा तालाब के सामने स्थित शासकीय जमीन पर बिना पंचायत की अनुमति के अवैध दुकान का निर्माण कराया जा रहा था। मामले की शिकायत मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आया और जांच के बाद कार्रवाई शुरू की गई।

जानकारी के अनुसार, तहसीलदार अमीय श्रीवास्तव ने मौके का निरीक्षण कर अतिक्रमणकारी को दो दिनों के भीतर निर्माण कार्य रोकने और शासकीय भूमि खाली करने के निर्देश दिए थे। प्रशासन की ओर से स्पष्ट चेतावनी दी गई थी कि तय समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। बावजूद इसके निर्माण कार्य नहीं रोका गया और न ही कब्जा हटाया गया।

समय सीमा समाप्त होने के बाद राजस्व विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन ने बुलडोजर और अन्य संसाधनों की मदद से अवैध निर्माण को हटाते हुए शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने।

प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध प्लाटिंग और शासकीय भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न करें और शासकीय भूमि पर कब्जा करने से बचें।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही। प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएंगे और सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान लगातार जारी रहेगा।