राजनांदगांव में अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई, 2 माजदा वाहन जप्त कर खनिज विभाग ने की सख्ती

त्वरित खबरें(अरुण रिपोर्टिंग)

राजनांदगांव, जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन पर प्रशासन लगातार सख्ती बरत रहा है। कलेक्टर  जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार खनिज विभाग द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण और कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज विभाग की टीम ने कुमरदा और डोंगरगांव क्षेत्र अंतर्गत शिवनाथ नदी के किनारे स्थित ग्राम मोतीपुर, नांदिया और धनगांव में जांच अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों की उपस्थिति में नदी क्षेत्र का जायजा लिया और अवैध रेत उत्खनन एवं भंडारण से संबंधित जानकारी एकत्र की। ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि ग्राम मोतीपुर स्थित शिवनाथ नदी से अवैध रूप से रेत का खनन किया जा रहा है तथा वहां से करीब 500 मीटर दूर पानी टंकी के पास भारी मात्रा में रेत का अवैध भंडारण किया गया है। जांच में लगभग 18 ट्रिप माजदा वाहन के बराबर रेत का अवैध भंडारण पाया गया। इसके बाद खनिज विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रेत परिवहन में लगे दो माजदा वाहनों को जप्त कर लिया और उन्हें थाना डोंगरगांव के सुपुर्द कर दिया। खनि अधिकारी ने बताया कि ग्राम मोतीपुर कुमरदा निवासी लोकेश निर्मलकर के स्वामित्व वाले माजदा वाहन क्रमांक सीजी 04 आरएल 7909 से वाहन चालक रेखचंद द्वारा अवैध रेत परिवहन किया जा रहा था। वहीं मोतीपुर कुमरदा निवासी शंकर देवांगन के स्वामित्व वाले माजदा वाहन क्रमांक सीजी 09 जेसी 0764 से चालक सोमेश नायक द्वारा भी अवैध रेत का परिवहन किया जा रहा था। दोनों मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण की रोकथाम के लिए लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह नियंत्रण करना है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। शिवनाथ नदी क्षेत्र में अवैध रेत खनन लंबे समय से चिंता का विषय बना हुआ है, जिससे पर्यावरणीय संतुलन प्रभावित होने की आशंका रहती है। नदी से अवैध तरीके से रेत निकालने से जलस्तर पर असर पड़ता है और आसपास के क्षेत्रों में कटाव की समस्या भी उत्पन्न हो सकती है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने स्थानीय ग्रामीणों से भी अपील की है कि वे किसी भी अवैध खनन या परिवहन की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। खनिज विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रेत कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने यह भी संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में जिले के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा।