भिलाई में आधी रात हंगामा: 6 लोगों ने घर में घुसकर मां-बेटी को पीटा, जहर पिलाने की कोशिश और वीडियो वायरल की धमकी
भिलाई / भिलाई के रुआबांधा क्षेत्र से एक गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पड़ोसियों के बीच चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। भिलाई नगर थाना क्षेत्र की HSCL कॉलोनी में कुछ लोगों ने कथित तौर पर एक घर में जबरन घुसकर महिला और उसकी बेटी के साथ मारपीट की।
पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने उसकी बेटी को जबरन जहर पिलाने की कोशिश की और दोनों को बेरहमी से पीटा। इतना ही नहीं, युवती का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी गई। घटना के दौरान घर में तोड़फोड़ की गई, मोबाइल फोन तोड़े गए और नकदी सहित जरूरी दस्तावेज भी ले जाने का आरोप लगाया गया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी पड़ोसी ही हैं और दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था, जो इस घटना के रूप में सामने आया।
मामले में सीएसपी भिलाई सत्यप्रकाश तिवारी ने जानकारी दी कि यह पड़ोसियों के बीच का विवाद है, जिसमें झगड़ा और मारपीट की स्थिति बनी। इस पूरे मामले में कुल तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं—दोनों पक्षों द्वारा अलग-अलग शिकायतें और एक पीड़िता की ओर से।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।