दुर्ग/ दिनांक 25 अप्रैल 2026 की सुबह लगभग 8:00 बजे एक सनसनीखेज घटना सामने आई। आरोपी सरोजनी भारद्वाज (25 वर्ष), निवासी ग्राम हल्दीडीह थाना जैजैपुर, जिला सक्ती (हाल निवासी आशा नगर सिकोला भाठा, थाना मोहन नगर) ने एसटीएफ कॉलोनी डी-ब्लॉक स्थित फ्लैट नंबर D-15 में जबरन प्रवेश किया। यह मकान एसटीएफ आरक्षक ललितेश यादव का है।
आरोपी ने घर में मौजूद उनकी पत्नी रीना यादव (35 वर्ष), पुत्री नैना यादव (12 वर्ष) और पुत्र आदित्य यादव (8 वर्ष) पर सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पड़ोसियों की मदद से उन्हें तत्काल हाईटेक हॉस्पिटल, स्मृति नगर में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान रीना यादव और उनके 8 वर्षीय पुत्र आदित्य यादव की मृत्यु हो गई, जबकि 12 वर्षीय नैना यादव का अस्पताल में इलाज जारी है।
प्रार्थी एसटीएफ आरक्षक अमीष यादव की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी सरोजनी भारद्वाज के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास के तहत धारा 109 और 103(1) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस द्वारा विस्तृत जांच जारी है।