बंदी को VIP सुविधा दिलाने का खेल उजागर: 2 जेल प्रहरी सस्पेंड

त्वरित खबरें - रुची सिंह रिपोर्टिंग

अंबिकापुर-  कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही के आरोप पर केंद्रीय जेल अधीक्षक अक्षय सिंह राजपूत ने जेल प्रहरी जयप्रकाश कुजुर और लोकनाथ निषाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इन दोनों की ड्यूटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के जेल वार्ड में थी। यहां एक बंदी को जेल प्रहरियों की सांठगांठ से सारी सुविधाएं मिलने की शिकायत पर जेल अधीक्षक ने स्वयं जेल वार्ड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जेल वार्ड के बाहर का ताला खुला पाया गया। बंदियों से मुलाकात के नियमों का खुला उल्लंघन पाए जाने पर जेल अधीक्षक ने तत्काल निलंबन का आदेश जारी कर विभागीय जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। 

 जानकारी के अनुसार मनेंद्रगढ़ जेल से एक बंदी को केंद्रीय जेल अंबिकापुर में शिफ्ट किया गया है। यहां उसने अपने आप को बीमार बताया। जेल के चिकित्सक की सलाह पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। यहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे भर्ती कर दिया। मरीज को अटेंडर की आवश्यकता भी बता दी गई। इस कारण जेल प्रबंधन को मजबूरी में इसके लिए अनुमति देनी पड़ी। आरोप है कि यह सारी व्यवस्था पहुंच और प्रभाव के कारण संभव हो सकी। रसूखदार बंदी को मिली अटेंडर की सुविधा का लाभ अनुचित तरीके से उठाया जाने लगा।