कांकेर छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सल उन्मूलन की दिशा में एक बड़ी सफलता मिलने जा रही है। तय समयसीमा से पहले जिले को नक्सल मुक्त बनाने की मुहिम के तहत आज 9 नक्सली आत्मसमर्पण करने वाले हैं, जिनमें शीर्ष स्तर के कैडर भी शामिल बताए जा रहे हैं। इनमें SCM विजय रेड्डी की पत्नी रूपी और DVCM चंदर जैसे सक्रिय सदस्य शामिल हैं, जो लंबे समय से संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे। सुरक्षा एजेंसियों के लगातार अभियान, दबाव और सरकार की पुनर्वास नीति के चलते नक्सलियों का मुख्यधारा की ओर रुझान बढ़ा है। अधिकारियों का कहना है कि यह आत्मसमर्पण न केवल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करेगा, बल्कि क्षेत्र में शांति और विकास की राह भी खोलेगा। प्रशासन द्वारा आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को सरकार की नीति के तहत सहायता और पुनर्वास सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इस घटनाक्रम को कांकेर को नक्सल मुक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में और भी सकारात्मक परिणाम मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।